चंडीगढ़, 03 मई 2026: केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खटटर ने चंडीगढ़ में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में यमुनानगर के लोहगढ़ स्थित बंदा सिंह बहादुर स्मारक परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में ट्रस्ट के वरिष्ठ सदस्यों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया, जहां निर्माण कार्य, मूर्ति डिजाइन, वित्तीय प्रबंधन और पूर्व में लिए गए फैसलों के क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।
मंत्री ने निर्देश दिए कि स्मारक को बाबा बंदा सिंह बहादुर की गौरवशाली विरासत के अनुरूप विकसित किया जाए, ताकि यह ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से एक प्रमुख केंद्र बन सके। उन्होंने कहा कि यह स्थल न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने परियोजना स्थल के पास स्थानीय लोगों की सहभागिता से योगा स्कूल स्थापित करने, नियमित योग सत्र आयोजित करने और एक रनिंग ट्रैक विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही, बाबा बंदा सिंह बहादुर के जीवन से जुड़े स्थानों, यात्राओं और उनके शासन क्षेत्र की जानकारी को दस्तावेजी रूप में संकलित कर पर्यटकों के लिए प्रदर्शित करने पर भी जोर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का पहला चरण तेजी से प्रगति पर है और इसे अप्रैल 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा, ट्रस्ट द्वारा “सेवा पखवाड़ा” के तहत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और योग कार्यक्रम जैसे सामाजिक कार्य भी नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और परियोजना को तय समय सीमा में, पारदर्शिता व उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।






