कहा, श्रमिक देश और समाज का स्तंभ हैं, श्रमिकों का सम्मान, राष्ट्र निर्माण का अभिमान
फतेहाबाद 2 मई, 2026 (संजीव शर्मा) : भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा ने अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस (01 मई) के अवसर पर लेबर यूनियन में पहुंचकर श्रमिक भाईयों का सम्मान करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने श्रमिकों को फूल-मालाएं पहनाकर व मिठाई भेंट कर श्रमिक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
प्रवीण जोड़ा ने कहा कि श्रमिक वर्ग समाज की रीढ़ है और इनके परिश्रम के बिना विकास की कल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि श्रमिक दिन-रात कड़ी मेहनत कर न केवल अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, बल्कि देश और समाज के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं। दूसरों के सपनों का घर बनाने वाले ये श्रमिक वास्तव में राष्ट्र के सच्चे निर्माता हैं।
उन्होंने कहा कि श्रमिकों का जीवन संघर्षपूर्ण जरूर होता है, लेकिन उनका योगदान अमूल्य है। हर ईंट, हर इमारत और हर निर्माण कार्य में उनकी मेहनत झलकती है। हमें उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने श्रमिकों के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं, जिनसे उनके जीवन स्तर में सुधार आया है। प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, ई-श्रम पोर्टल, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाएं श्रमिकों के जीवन को सुरक्षित और सम्मानजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधा और आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। भाजपा का लक्ष्य है कि हर श्रमिक को उसका हक मिले और वह सम्मानपूर्वक जीवन जी सके।
अंत में प्रवीण जोड़ा ने सभी श्रमिकों को एकजुट होकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया। जानकारी देते हुए जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी ने बताया कि इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष जगदीश शर्मा, जिला परिषद के चेयरमैन प्रतिनिधि सुभाष खिचड़, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष डा. सुमन बजाज, नगर मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष एवं पार्षद ज्ञानीराम, पार्षद सुखदेव, सुल्तान नायक, महेन्द्र मास्टर, देशराज मैम्बर, विक्रम मराठी, नीरज फौजी, रानी, संतोष, मोनिका, डा. सुखविन्द्र सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।






