चंडीगढ़, 28 अप्रैल 2026 : पंजाब और चंडीगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मंगलवार को कई इलाकों में बादल छाए रहे, जबकि लुधियाना, अमृतसर, मोहाली और जालंधर में बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।
India Meteorological Department के चंडीगढ़ केंद्र ने अगले दो दिनों के लिए गरज-तूफान और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि फिलहाल हीटवेव (लू) चलने की संभावना नहीं जताई गई है।
सोमवार को अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं देखा गया और औसत तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। बठिंडा में सबसे अधिक 43 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के करीब 20 जिलों में तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि 23 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के मुताबिक 28 अप्रैल को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि 29 अप्रैल को भी कई इलाकों में बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा 30 अप्रैल से 3 मई के बीच भी हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।
अगले 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है, जिससे मौसम सुहावना हो सकता है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि 28 और 29 अप्रैल को अलग-अलग स्थानों पर तेज हवाओं के साथ गरज और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। वहीं 30 अप्रैल और 2-3 मई को भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।






