पटियाला, 28 अप्रैल 2026: पंजाब के पटियाला में मंगलवार देर रात शंभू- राजपुरा रेलवे ट्रैक के पास डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFCCI) लाइन पर एक धमाका होने से हड़कंप मच गया। इस विस्फोट में रेल ट्रैक को नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
जांच के दौरान घटनास्थल से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है, जिसकी हालत काफी खराब बताई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि यह व्यक्ति बम लगाते समय ही हादसे का शिकार हो गया। फोरेंसिक टीम को मौके से बिजली की तारें, दो मोटरसाइकिलें और एक टूटा हुआ मोबाइल फोन भी मिला है।
प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस इसे रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने की एक बड़ी साजिश मान रही है। बताया जा रहा है कि यह धमाका रात करीब 10 बजे मालगाड़ियों के लिए समर्पित ट्रैक के पास हुआ।
सुरक्षा एजेंसियों को कुछ दिन पहले ही रेलवे ट्रैक उड़ाने की धमकियां मिली थीं, जिसके चलते पहले से ही अलर्ट जारी था। फिलहाल सरकारी रेलवे पुलिस और विशेष जांच टीमें मामले की गहराई से जांच कर रही हैं।
पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा के अनुसार, यह कम तीव्रता का विस्फोट था, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। पुलिस मृतक की पहचान करने और उसके साथियों का पता लगाने के लिए आसपास के गांवों में छापेमारी कर रही है। साथ ही रेलवे ट्रैक की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि भविष्य में किसी बड़े खतरे को टाला जा सके।






