चंडीगढ़, 25 अप्रैल 2026: विवादित डॉक्यूमेंट्री/वेब सीरीज “लॉरेंस ऑफ पंजाब” पर प्रतिबंध की मांग के बाद पंजाब में सनसनी फैल गई है। राज्य के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव, अमरेंद्र सिंह राजा वारिंग, सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, बलकार सिंह और पंजाब के एडवोकेट जनरल को जान से मारने की धमकियां मिली हैं। इसके अलावा दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह को भी धमकी भरा संदेश भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक यह धमकी एक विदेशी व्हाट्सऐप नंबर से भेजी गई, जिसमें संबंधित व्यक्तियों को जान से मारने की बात कही गई है। मामला सामने आते ही पुलिस हरकत में आ गई है और जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि यह धमकियां उस समय दी गईं जब उक्त नेताओं ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के जीवन पर आधारित वेब सीरीज के खिलाफ आवाज उठाई और उस पर प्रतिबंध की मांग की थी। धमकी भरे संदेशों में स्पष्ट कहा गया है कि जो भी इस सीरीज या संबंधित गैंग का विरोध करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना के बाद राज्य में भय का माहौल बन गया है।
DGP को सीधे धमकी मिलने के बाद पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। साइबर सेल विदेशी नंबरों की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हुई है।






