समाना (पटियाला), 24 अप्रैल 2026: भारतीय सेना के सहयोग से पटियाला प्रशासन ने शनिवार सुबह एक बड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए किसान गुरजीत सिंह खालसा (43) को सुरक्षित नीचे उतार लिया। खालसा पिछले 560 दिनों से बाबा बंदा सिंह बहादुर चौक स्थित 400 फीट ऊंचे बीएसएनएल टावर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।
सेना और पुलिस की अतिरिक्त टीमों की निगरानी में चलाया गया यह संयुक्त अभियान महज 30 मिनट में सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। बचाव कार्य के दौरान हाई-टेक क्रेन और मानव संसाधन का इस्तेमाल किया गया।
टावर से नीचे उतरने के बाद खालसा ने उनका समर्थन करने वाली संगत का धन्यवाद करते हुए कहा, “यह सफर आसान नहीं था, लेकिन मेरे गुरु पर अटूट विश्वास ने ही मुझे मजबूती दी।”
बचाव अभियान में शामिल एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अनुकूल मौसम, कम हवा की रफ्तार और अच्छी धूप के कारण ऑपरेशन को सुरक्षित तरीके से अंजाम देना संभव हुआ।
गौरतलब है कि खालसा अक्टूबर 2024 से बेअदबी के खिलाफ सख्त कानून की मांग को लेकर टावर पर डटे हुए थे। उनके आंदोलन को उस समय बड़ी सफलता मिली जब पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने ‘जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सतिकार (संशोधन) बिल, 2026’ को मंजूरी दे दी। इसके बाद खालसा ने अपना धरना समाप्त करने का निर्णय लिया।






