लुधियाना, 23 अप्रैल 2026: पंजाब के लुधियाना शहर के जावंद विहार, संधू नगर इलाके में एक होजरी फैक्ट्री में देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक मजदूर की उसके ही साथी ने स्टूल से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान धर्मेंद्र के रूप में हुई है, जो पिछले 5-6 वर्षों से फैक्ट्री में काम कर रहा था। फैक्ट्री मालिक उमी भारद्वाज के अनुसार, उन्हें रात करीब 2:30 बजे ठेकेदार राहुल का फोन आया, जिसमें बताया गया कि फैक्ट्री में रहने वाले मजदूरों के बीच झगड़ा हो गया है और धर्मेंद्र की हालत गंभीर है।
सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस को मौके पर बुलाया गया। घायल धर्मेंद्र को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक मृतक का रिश्तेदार (भतीजा) बताया जा रहा है, जिसे धर्मेंद्र ने करीब एक महीने पहले ही काम पर लगवाया था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच रात को किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर धर्मेंद्र के सिर पर स्टूल से वार कर दिया।
धर्मेंद्र अपने पीछे पत्नी और 4 साल की एक बेटी को छोड़ गया है, जो लखनऊ में रहते हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और फैक्ट्री के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना में आरोपी के साथ कोई और व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।






