4 किलो 460 ग्राम चूरा पोस्त बरामद, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
भट्टू कलां, 23 अप्रैल, 2026 (संजीव शर्मा) : सीआईए रतिया पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को चूरा पोस्त सहित काबू करने में सफलता हासिल की है।
सीआईए रतिया प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस टीम बस अड्डा ढिगसरा क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि एक महिला राजस्थानी पहनावे में चेकदार बैग लेकर भट्टू कलां क्षेत्र की ओर आ रही है, जिसके पास भारी मात्रा में चूरा पोस्त है। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हुड्डा पार्क, भट्टू कलां क्षेत्र में पहुंचकर संदिग्ध महिला को काबू किया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान वीरपाल कौर पुत्री जगीर सिंह निवासी जस्सी पौवाली, जिला बठिंडा (पंजाब) के रूप में हुई। नियमानुसार महिला पुलिस कर्मचारी की मौजूदगी में तलाशी ली गई, जिसके दौरान आरोपी के बैग से 4 किलो 460 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर विधिवत सील किया गया।
इस संबंध में थाना भट्टू कलां में अभियोग संख्या 76 दिनांक 22.04.2026 धारा 15(बी), 61, 85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जायेगा तथा मामले में आगामी जांच जारी है।






