सुनाम, 22 अप्रैल 2026: सुनाम में सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंजाब द्वारा जारी निर्देशों के पालन के तहत तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री प्रदीप सिंह गिल के नेतृत्व में जिला बाल सुरक्षा यूनिट ने शहर के विभिन्न स्थानों पर भिक्षावृत्ति के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़कों, बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, धार्मिक स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भीख मांगने वाले बच्चों की पहचान करना, उन्हें तत्काल सुरक्षा प्रदान करना और उनके पुनर्वास के लिए आवश्यक कदम उठाना था।
चेकिंग के दौरान टीम ने शहर के विभिन्न संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी की। इस दौरान एक बच्चा भीख मांगता हुआ पाया गया, जिसे टीम द्वारा तुरंत रेस्क्यू कर उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की गई और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया।
इस अभियान में शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग और जिला बाल सुरक्षा कार्यालय संगरूर की संयुक्त टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। शिक्षा विभाग से श्री गुरजिंदर सिंह, पुलिस विभाग से श्री गुरचरण सिंह तथा जिला बाल सुरक्षा यूनिट (DCPU) से श्रीमती निर्मल कौर और श्री रूपिंदर सिंह शामिल रहे।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री प्रदीप सिंह गिल ने बताया कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना और उन्हें भिक्षावृत्ति जैसी सामाजिक कुरीतियों से बचाना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रखे जाएंगे।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि कहीं भी कोई बच्चा भीख मांगता हुआ दिखाई दे, तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें, ताकि समय पर सहायता और पुनर्वास सुनिश्चित किया जा सके।






