सीटीएम गौरव गुप्ता ने भट्टू मंडी का किया निरीक्षण, फसल उठान तेज करने के निर्देश
फ़तेहाबाद , 21 अप्रैल, 2026 (संजीव शर्मा) : जिला की अनाज मंडियों में गेहूं खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है और किसानों की फसल सरकार की निर्धारित हिदायतों के अनुसार खरीदी जा रही है। डीसी डॉ. विवेक भारती के मार्गदर्शन में सभी मंडियों व खरीद केंद्रों पर खरीद के साथ-साथ फसल उठान कार्य भी निर्धारित नियमों के तहत तेजी से किया जा रहा है। इसके लिए नियुक्त नोडल अधिकारी लगातार फील्ड में सक्रिय रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
इसी क्रम में सीटीएम गौरव गुप्ता ने भट्टू स्थित अनाज मंडी का दौरा कर खरीद एवं उठान व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर फसल की आवक, तौल, उठान और भंडारण की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
सीटीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल उठान कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं मौके पर ही सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार सभी नोडल अधिकारी पूरी तरह सतर्क हैं और नियमित रूप से मंडियों का दौरा कर रहे हैं। अधिकारियों से कहा कि वे मौके पर मौजूद रहकर समस्याओं का त्वरित समाधान करें, ताकि खरीद प्रक्रिया निर्बाध रूप से जारी रह सके।
सीटीएम गौरव गुप्ता ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संचालित की जाए।
–






