खरीद सीजन को लेकर डीसी डा. विवेक भारती ने ली बैठक
डीसी ने गेहूं खरीद सीजन की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश
डीसी डा. विवेक भारती ने सभी मंडियों में उठान कार्य में तेजी लाने को भी कहा
फतेहाबाद, 20 अप्रैल 2026 (संजीव शर्मा) : खरीद सीजन से जुड़े सभी अधिकारी खरीद एवं उठान प्रक्रिया में तेजी लाएं। मंडियों में पड़े रेडी टू लिफ्ट फसल का समयबद्ध उठान सुनिश्चित किया जाए। अब सीजन का पीक चल रहा है इसलिए परिवहन और भंडारण की व्यवस्था मजबूत रखें। किसी भी मंडी में जगह की कमी नहीं होनी चाहिए। सुनिश्चित करें कि किसानों को मंडी में अपनी फसल उतारने में और उसको बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं न आए।
यह निर्देश डीसी डॉ. विवेक भारती ने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय में गेहूं खरीद प्रक्रिया की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए। उन्होंने अधिकारियों से गेहूं खरीद को लेकर चल रही कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने जिले भर की मंडियों से उठान कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उठान के लिए ट्रक के फेरे बढ़ाकर अनलोड करवाएं। किसानों को मंडी में फसल उतारने के लिए इंतजार न करना पड़े। ट्राली खाली करने में उतना ही समय लगे, जितना तकनीकी रूप से जरूरी है। डीसी ने प्रवेश द्वार पर गेहूं की एंट्री से लेकर साइलो में पहुंचने तक की पूरी प्रक्रिया, किसानों को समय से भुगतान करने, गेहूं लेकर आए किसानों के लिए पानी एवं भोजन जैसी सुविधाओं के बारे में आवश्यक निर्देश जारी किए।
डीसी डॉ. विवेक भारती ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए सभी तरह के प्रबंध किए गए हैं। डीसी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता किसानों को सुचारु और पारदर्शी खरीद व्यवस्था उपलब्ध कराना है तथा किसी भी प्रकार की ढिलाई ना करें। अगले कुछ दिन खरीद प्रक्रिया के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उठान, भंडारण और परिवहन की दैनिक समीक्षा की जाए।
बैठक में एसडीएम फतेहाबाद राजेश कुमार, एसडीएम रतिया सुरेंद्र सिंह, सीटीएम गौरव गुप्ता, सीईओ जिला परिषद सुरेश कुमार, डीडीपीओ अनूप सिंह, डीएफएससी कुशल बूरा सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
फोटो : गेहूं खरीद प्रक्रिया की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए डीसी डॉ. विवेक भारती।






