समैन में भगवान परशुराम जयंती पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन
सांसद सुभाष बराला व खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने किया संबोधन
टोहाना, 11 अप्रैल 2026 (संजीव शर्मा): राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने शनिवार को गांव समैन में भगवान परशुराम जी के पावन जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य एवं गरिमामयी कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, केबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी और खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने 11-11 लाख रुपए देने की घोषणा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद सुभाष बराला ने कहा कि भगवान परशुराम जी के आदर्श त्याग, तप, शौर्य और धर्म रक्षा हमारे समाज के लिए आज भी अत्यंत प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि परशुराम जी का जीवन हमें यह सिखाता है कि जब-जब अन्याय और अधर्म बढ़ता है, तब सज्जनों को एकजुट होकर उसके विरुद्ध खड़ा होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में नैतिक मूल्यों, सत्य और न्याय की स्थापना के लिए कार्य करना चाहिए। बराला ने कहा कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और सनातन परंपराएं ही हमें एक मजबूत और समृद्ध राष्ट्र बनाने की दिशा में मार्गदर्शन देती हैं। ऐसे आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं और आपसी भाईचारे को सुदृढ़ करते हैं।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है, जहां हमारी संस्कृति और परंपराओं को भी समान महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमें मिलकर ऐसे प्रयास करने चाहिए, जिससे हमारी आने वाली पीढ़ी अपने महापुरुषों के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए।
उन्होंने यह भी कहा कि समाज में समरसता और एकता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। भगवान परशुराम जी के आदर्श हमें यह संदेश देते हैं कि समाज के कमजोर वर्गों की रक्षा और न्याय के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।
इस अवसर पर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान परशुराम जी का जीवन अनुशासन, पराक्रम और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग को उनके आदर्शों को अपनाकर अपने जीवन में लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और ऐसे धार्मिक व सामाजिक आयोजन युवाओं में नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का माध्यम बनते हैं।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम जी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया तथा समाज में समरसता, सद्भाव और राष्ट्र निर्माण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद डीपी वत्स, सुरेंद्र पूनिया, विक्रम प्रभाकर, सतीश शर्मा, राजेश शर्मा,ललित मोहन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे।






