विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने मंडियों का दौरा कर जाने किसानों के हालात
फ़तेहाबाद, 08 अप्रैल 2026 (संजीव शर्मा) : फतेहाबाद के विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने बुधवार को फतेहाबाद व भूना क्षेत्र की अनाज मंडियों का दौरा कर किसानों, मजदूरों और आढ़तियों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना।
इस दौरान उन्होंने मंडियों में फैली अव्यवस्थाओं पर गहरी नाराजगी जताई और प्रदेश सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया। विधायक दौलतपुरिया ने कहा कि प्रदेश का किसान इस समय भारी परेशानियों से गुजर रहा है, लेकिन सरकार गेहूं की सुचारू खरीद सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
उन्होंने मंडियों में किसानों को हो रही दिक्कतों का जायजा लेते हुए कहा कि पोर्टल रजिस्ट्रेशन, गेट पास, गारंटर, बायोमेट्रिक, ट्रैक्टर नंबर और वेरिफिकेशन जैसी जटिल प्रक्रियाओं ने किसानों को बुरी तरह उलझा दिया है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी मेहनत की फसल बेचने के लिए कई-कई दिनों तक मंडियों में इंतजार करने को मजबूर हैं, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दौरे के दौरान कई किसानों ने विधायक को बताया कि बार-बार पोर्टल में तकनीकी दिक्कतें आने से उनकी फसल की खरीद में देरी हो रही है।
विधायक ने कहा कि एक तरफ सरकार की लापरवाही और दूसरी ओर मौसम की मार ने किसानों की स्थिति और भी दयनीय बना दी है। हाल ही में हुई बेमौसमी बारिश ने तैयार फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है, जिससे किसानों की कमर टूट गई है।
उन्होंने कहा कि ऐसे समय में सरकार को किसानों के साथ खड़ा होना चाहिए, लेकिन मौजूदा हालात इसके विपरीत नजर आ रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग करते हुए कहा कि किसानों को राहत देने के लिए तुरंत ठोस कदम उठाए जाएं। सबसे पहले बायोमेट्रिक प्रक्रिया को समाप्त किया जाए, क्योंकि इससे किसानों को अनावश्यक परेशानी हो रही है। इसके अलावा पोर्टल आधारित जटिल व्यवस्था को सरल किया जाए या इसे पूरी तरह बंद कर पारंपरिक और सरल प्रक्रिया अपनाई जाए।
दौलतपुरिया ने कहा कि किसान देश और प्रदेश की रीढ़ है, उसकी मेहनत का सम्मान करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि समय रहते व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो किसान आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि किसानों की समस्याओं को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। विधायक ने कहा कि किसान मजबूत होगा तभी प्रदेश मजबूत बनेगा, इसलिए किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर मंडी के आढ़ती, मजदूर और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे, जिन्होंने अपनी समस्याएं विधायक के सामने रखीं और जल्द समाधान की मांग की।






