नई दिल्ली, 8 अप्रैल 2026: देश में लगातार सक्रिय दो पश्चिमी विक्षोभों के कारण मौसम ने अचानक करवट ले ली है। कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तर प्रदेश और राजस्थान सहित करीब 20 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना है, जबकि 10 राज्यों में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।
इस बीच जम्मू और कश्मीर के रामबन में भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश के चंबा में भूस्खलन से निर्माणाधीन पुल ढह गया।
मंगलवार शाम लखनऊ में धूल भरी आंधी के साथ कई जिलों में बारिश हुई, जिससे पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। उदयपुर में तूफान से एक मकान की दीवार ढह गई, जबकि जैसलमेर और नागौर में भी ओलावृष्टि दर्ज की गई।
मध्य प्रदेश में तीन चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं, जिससे 18 जिलों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मंगलवार को 19 जिलों में बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली समेत कई राज्यों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं, बारिश और गरज-चमक के साथ तूफान की चेतावनी दी है।
इसके अलावा बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में भी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।






