नई दिल्ली, 6 अप्रैल 2026: सरकार ने एलपीजी (रसोई गैस) की उपलब्धता को लेकर स्थिति पूरी तरह सामान्य बताते हुए कहा है कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है और मांग को पूरा करने के लिए अतिरिक्त कार्गो पहले से ही तय किए जा चुके हैं।
सरकार के अनुसार, तेल और गैस कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी पिछले दो दिनों से जमीनी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। वहीं, राज्य सरकारें भी नियमित समीक्षा कर रही हैं ताकि आपूर्ति सुचारू बनी रहे और कालाबाजारी या जमाखोरी की किसी भी घटना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरशिप पर किसी प्रकार की कमी नहीं है और सप्लाई सिस्टम बड़े स्तर पर सामान्य रूप से काम कर रहा है।
देशभर में हर दिन लगभग 50 लाख एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी की जा रही है। खास बात यह है कि गैस की ऑनलाइन बुकिंग 97 प्रतिशत के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच चुकी है।
डायवर्जन को रोकने के लिए ओटीपी आधारित डिलीवरी वेरिफिकेशन सिस्टम को भी बड़े पैमाने पर लागू किया गया है, जो अब करीब 90 प्रतिशत डिलीवरी को कवर कर रहा है।
सरकार ने यह भी बताया कि उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए गैस एजेंसियां छुट्टियों और रविवार के दिन भी काम कर रही हैं, जिससे सभी तक समय पर और सुगम आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।






