लक्कड़ मार्केट में महायज्ञ कार्यक्रम, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने की सहभागिता
टोहाना, 05 अप्रैल, 2026 (संजीव शर्मा) : राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने नव वित्तवर्ष के शुभारंभ के पावन अवसर पर लक्कड़ मार्केट में आयोजित भव्य महायज्ञ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय व्यापारियों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए सभी को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा क्षेत्र की उन्नति और समृद्धि के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न इस आयोजन में मंत्रोच्चार एवं हवन की पवित्र आहुतियों के साथ धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुआ।
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने इस अवसर उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए कहा कि नव वित्तवर्ष नए अवसरों, नई ऊर्जा और विकास के नए आयाम स्थापित करने का समय होता है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा व्यापारी वर्ग के हित में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य व्यापार को सरल, सुरक्षित और अधिक सशक्त बनाना है। इन योजनाओं के माध्यम से छोटे, मध्यम और बड़े सभी व्यापारियों को आगे बढ़ने के समान अवसर मिल रहे हैं।
सासंद ने कहा व्यापारी वर्ग किसी भी क्षेत्र की आर्थिक संरचना का मजबूत स्तंभ होता है। उनकी सक्रियता, दूरदर्शिता और परिश्रम से न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलती है, बल्कि रोजगार के अवसरों का भी सृजन होता है। उन्होंने व्यापारियों से आह्वान किया कि वे इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को सुदृढ़ करें और क्षेत्र की आर्थिक प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उन्होंने महायज्ञ जैसे आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। ये आयोजन लोगों को एक मंच पर लाकर आपसी संवाद, सहयोग और सौहार्द को बढ़ावा देते हैं, जिससे सामाजिक समरसता और एकजुटता मजबूत होती है।
सांसद ने कहा कि जब समाज का प्रत्येक वर्ग मिलकर आगे बढ़ने का संकल्प लेता है, तभी क्षेत्र का समग्र और संतुलित विकास संभव हो पाता है।
इस दौरान सांसद ने क्षेत्र के सम्मानित व्यापारियों के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया। व्यापार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, आवश्यकताओं और भविष्य की संभावनाओं पर गंभीरता से चर्चा की । व्यापारिक गतिविधियों को सुदृढ़ करने, स्थानीय स्तर पर सुविधाओं के विस्तार और बेहतर समन्वय के लिए सुझावों का आदान-प्रदान भी किया। 
इस अवसर पर अनिल मेहता, संदीप (बीरू) अग्रवाल, रमन मार्या, नरेंद्र गर्ग, रविन्द्र मेहता, डॉ. शिव सचदेवा, सुरेंद्र जैन, ललित मोहन, नानूराम मित्तल, वेद जांगड़ा, रमेश गोयल, मनु सिंगला, लवली मार्या, सतपाल कोचर, लक्ष्मण सरपंच तथा सुभाष गोयल सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं आयोजनकर्ता मौजूद रहे।






