राजस्व सेवाओं में पारदर्शिता व समयबद्ध निपटान के दिए सख्त निर्देश
भट्टू कलां/ भूना, फ़तेहाबाद, 03 अप्रैल 2026 (संजीव शर्मा) : डीसी डॉ. विवेक भारती ने शुक्रवार को भट्टू और भूना उप-तहसील एवं बीडीपीओ ब्लॉक का दौरा कर विभिन्न विभागों के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उप-तहसील व बीडीपीओ कार्यालय की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने आमजन की मांग पर स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त करने, परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाउंड्री वॉल ऊंची करने तथा चौकीदार की नियुक्ति करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। डीसी डॉ. विवेक भारती ने भट्टू उप-तहसील कर्मचारियों के लिए आवास निर्माण हेतु प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए ताकि कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें और कार्यक्षमता में वृद्धि हो सके।
उप-तहसील कार्यालय में राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन के कार्य निर्धारित समय सीमा में पारदर्शिता के साथ निपटाए जाएं। उन्होंने राजस्व न्यायालय में लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी लंबित केसों का तय समयावधि में निपटान सुनिश्चित किया जाए। डीसी ने विशेष रूप से जमाबंदी, गिरदावरी एवं अन्य राजस्व मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सेवाएं सरल व प्रभावी ढंग से उपलब्ध हों।
इस दौरान डीसी ने उप-तहसील में बने मॉडर्न रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण किया। डीसी ने निर्देश दिए कि रिकॉर्ड को व्यवस्थित व सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने बेकार पड़े सामान का शीघ्र निपटान करने, महत्वपूर्ण रिकॉर्ड को सुरक्षित स्थान पर रखने और रिकॉर्ड को लॉक कर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।
बीडीपीओ कार्यालय के निरीक्षण के दौरान डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने ग्राम स्तर पर चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और जनभागीदारी को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।
भूना उप तहसील का निरीक्षण करते हुए डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरतमंद व्यक्तियों के लिए व्हील चेयर रखी जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो। इसके साथ ही पेंडिंग कोर्ट केसों का निपटारा भी जल्द किया जाए।
उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक पहुंचे और कोई भी लाभार्थी वंचित न रह जाए। डीसी ने साफ निर्देश दिए कि तहसील क्षेत्र में हर तरह की सेवाएं सुलभ और समय पर उपलब्ध हों, ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर एसडीएम राजेश कुमार, डीआरओ श्यामलाल, नायब तहसीलदार हरीश कुमार व कृष्ण कुमार, चेयरपर्सन अन्नु सरबटा, वाइस चेयरमैन बंसीलाल, सरपंच सुरेन्द्र जांडवाला सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
फोटो : भट्टू व भूना का दौरा कर विभिन्न विभागों के कार्यों का निरीक्षण करते हुए डीसी डॉ. विवेक भारती।






