अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शीर्ष 10 में जगह बनाने में असफल रहे
नई दिल्ली, 26 मार्च 2026 : भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर वैश्विक स्तर पर सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में उभरे हैं। अमेरिकी डेटा विश्लेषण फर्म मॉर्निंग कंसल्ट के ताजा सर्वेक्षण के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी को 68 प्रतिशत अप्रूवल रेटिंग प्राप्त हुई है, जिससे वे विश्व नेताओं की सूची में पहले स्थान पर रहे।
यह सर्वेक्षण 2 से 8 मार्च के बीच विभिन्न देशों के वयस्क नागरिकों की राय के आधार पर किया गया था। खास बात यह है कि लगातार तीसरे कार्यकाल में सत्ता में होने के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता में कोई खास गिरावट नहीं आई है, जो उनकी मजबूत नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है।
इस सूची में स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय पार्मेलिन और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-मयुंग 62 प्रतिशत अप्रूवल रेटिंग के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। वहीं चेक गणराज्य और अर्जेंटीना के नेता क्रमशः 57 और 56 प्रतिशत रेटिंग के साथ तीसरे और चौथे स्थान पर रहे।
इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शीर्ष 10 में जगह बनाने में असफल रहे और उन्हें केवल 39 प्रतिशत अप्रूवल रेटिंग मिली। वहीं ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर को 24 प्रतिशत और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को 17 प्रतिशत अप्रूवल रेटिंग मिली, जिससे वे सूची में काफी पीछे रहे।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में भारतीय राजनीति में एक और बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है। गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल को मिलाकर उन्होंने कुल 8,931 दिनों तक नेतृत्व किया है, जिससे वे देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले नेता बन गए हैं।
मॉर्निंग कंसल्ट की ये रेटिंग सात दिनों की मूविंग एवरेज पर आधारित होती है, जिसे वैश्विक नेताओं की लोकप्रियता का एक महत्वपूर्ण पैमाना माना जाता है।






