राम कथा के चौथे दिन राम-नाम के जयकारों से गूंज उठा समूचा प्रांगण

पटियाला: श्री सनातन धर्म सभा (पंजीकृत), पटियाला के तत्वावधान में एस.डी.एस.ई. सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में आयोजित सप्त दिवसीय श्री राम कथा के चतुर्थ दिवस पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम और जगत जननी माता सीता का विवाह महोत्सव अपार श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दिव्य अवसर पर सभा के प्रधान श्री लाल चंद जिंदल ने समस्त श्रद्धालुओं को बधाई देते हुए अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सिया-राम का मिलन केवल दो राजपरिवारों का मिलन नहीं, बल्कि शक्ति और भक्ति का वह पावन संगम है जो युगों-युगों तक आदर्श वैवाहिक जीवन की प्रेरणा देता रहेगा।
कथा व्यास सुप्रसिद्ध महाराज संजीव गुरु जी ने चतुर्थ दिवस की अमृतमयी कथा में सीता-राम विवाह का अनुपम वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। गुरु जी ने ‘सीता-स्वयंवर’ के प्रसंग को जीवंत करते हुए बताया कि मिथिला नरेश राजा जनक द्वारा आयोजित इस ऐतिहासिक सभा में श्री राम ने भगवान शिव के अभेद्य पिनाक धनुष को खंडित कर माता सीता का वरण किया था। मार्गशीर्ष शुक्ल पंचमी के उस मंगलकारी दिन हुए इस विवाह को आज भी भक्त ‘विवाह पंचमी’ के रूप में बड़ी श्रद्धा से मनाते हैं। गुरु जी ने भावपूर्ण शब्दों में कहा कि श्री राम और जानकी का अटूट प्रेम और एक-दूसरे के प्रति समर्पण ही सनातन संस्कृति का मूल आधार है।

आज कथा के चतुर्थ दिवस के प्रातः कालीन सत्र श्री सनातन धर्म सभा के वरिष्ठ पदाधिकारियों श्री मुकेश पुरी एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती अंजना रानी, श्री वरुण जिंदल एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रेखा जिंदल ने सामूहिक रूप से मुख्य यजमान की गरिमामयी भूमिका निभाई। वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच विधि-विधान से पूजन-अर्चन संपन्न हुआ, जिसमें सभी भक्तों ने श्रद्धापूर्वक अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर सभा के प्रधान लाल चंद जिंदल, चेयरमैन डॉ. राजेंद्र कुमार, वरिष्ठ उप प्रधान विजय मोहन गुप्ता, उप प्रधान नरेश जैन, पवन जिंदल, राकेश कुमार, त्रिभुवन गुप्ता, मैनेजर इंजीनियर एम. एम. स्याल, राजेंद्र जिंदल, दक्ष कुमार खन्ना, डॉ. एन.के. शर्मा, राजकुमार जोशी, धीरज अग्रवाल, विवेकशील गोयल, संजीव गुप्ता, मुकेश पुरी, भूपिंदर जिंदल, संजय जिंदल, संजीव गुप्ता, राजीव बंसल, राजीव गोयल और राजीव गर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इनके साथ ही श्री राम नवमी शोभा यात्रा कमेटी के संयोजक वरुण जिंदल, सह-संयोजक सुशील नय्यर, अनुराग शर्मा, निखिल काका, लोकेश शर्मा एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों ने भी इस पावन कथा का आनंद लिया। विशेष रूप से अमर अस्पताल के डॉ. जे.एस. सरां और डॉ. आदिश गोयल के नेतृत्व में मेडिकल टीम प्रतिदिन अपनी सेवाएँ दे रही है। साथ ही ‘हर हर महादेव सेवा समिति’ के कार्यकर्ता निष्काम भाव से जूता-घर में श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हुए हैं। वर्ष 1894 में स्थापित श्री सनातन धर्म सभा (पंजी.) पटियाला द्वारा धर्म और शिक्षा के क्षेत्र में की जा रही निरंतर और निर्बाध सेवा और श्री राम कथा जैसे भव्य आयोजन का यह अनूठा संगम समाज के लिए एक महान उदाहरण है। कथा का समापन उपस्थित सैकड़ों राम भक्तों द्वारा श्री रामायण जी की भावपूर्ण आरती के साथ हुआ।
जारीकर्ता: धीरज अग्रवाल प्रैस सचिव, श्री सनातन धर्म सभा (पंजीकृत), पटियाला।
मोबाइल नंबर: 9814405990






