अब तक मतदाता सूची से मैप न किए गए सभी पात्र नागरिक मैपिंग कैंपों का लाभ उठाएं – डॉ. हिमांशु अग्रवाल
पटियाला, 5 जून, 2026: पटियाला के डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार पंजाब राज्य में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर)-2026 संबंधी समय-सारिणी जारी की गई है। उन्होंने बताया कि इस दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य 25 जून से 24 जुलाई 2026 तक किया जाएगा।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी श्रीमती अनिंदिता मित्रा द्वारा 7 जून 2026 (रविवार) को आयोजित किए जाने वाले विशेष मतदाता जागरूकता एवं मैपिंग अभियान में आम जनता की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-2026 के अंतर्गत मौजूदा मतदाता सूची का वर्ष 2003 की मतदाता सूची के साथ मैपिंग का कार्य चल रहा है। इस संबंध में मैपिंग का कार्य काफी हद तक पूरा किया जा चुका है, लेकिन अभी भी कुछ क्षेत्रों में मतदाता मैपिंग का कार्य शेष है। उन्होंने बताया कि मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब द्वारा जारी पत्र के अनुसार इस अधूरे कार्य को पूरा करने के लिए 7 जून 2026 (रविवार) को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाएंगे।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि जिला पटियाला के सभी बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा अपने-अपने मतदान केंद्रों पर ये कैंप आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य वर्तमान मतदाताओं का वर्ष 2003 की मतदाता सूची के साथ मिलान करना है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि यदि किसी मतदाता या उसके परिवार के किसी सदस्य की वोट का वर्ष 2003 की मतदाता सूची के साथ किसी कारणवश मिलान नहीं हुआ है, तो संबंधित मतदाता 7 जून (रविवार) को आयोजित इस विशेष कैंप में उपस्थित होकर अपनी वोट का मिलान करवाना सुनिश्चित करें।
डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि इस दौरान मतदाता पंजीकरण एवं चुनावी भागीदारी के प्रति युवाओं में जागरूकता पैदा करने पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों को जागरूकता गतिविधियों और स्थानीय संपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त सभी संबंधित अधिकारियों को निगरानी एवं अभिलेखीय उद्देश्यों के लिए विशेष कैंप गतिविधियों की रिपोर्ट तथा फोटोग्राफ जिला चुनाव कार्यालय में जमा करवाने के लिए भी कहा गया है।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे इस स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन अभियान को अधिक प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए आम जनता के सहयोग की आवश्यकता है। इसलिए सभी मतदाताओं से अपील की जाती है कि वे मतदाता मैपिंग संबंधी किसी भी जानकारी अथवा सुझाव के लिए इन विशेष कैंपों में अवश्य भाग लें।
डिप्टी कमिश्नर ने आगे बताया कि मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब द्वारा अब तक मतदाता सूची के साथ मैप न किए गए सभी पात्र नागरिकों से 7 जून 2026 को अपने निकटतम निर्धारित कैंप में पहुंचकर मतदाता पंजीकरण एवं सत्यापन संबंधी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की गई है।






