चंडीगढ़, 24 मार्च 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गगनदीप सिंह रंधावा की मौत के मामले में सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि सरकार किसी भी मंत्री या पदाधिकारी को बचाने के पक्ष में नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी मंत्री समान हैं और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि संबंधित मंत्री का इस्तीफा लिया जा चुका है और गिरफ्तारी भी हो चुकी है। अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने गगनदीप रंधावा के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार हर समय उनके साथ खड़ी है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए भगवंत मान ने कहा कि पिछली सरकारें अपने मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई करने से बचती थीं, लेकिन उनकी सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही में विश्वास रखती है। उन्होंने सवाल उठाया कि पहले ऐसे मामलों में सीबीआई जांच क्यों नहीं करवाई जाती थी, जबकि पंजाब पुलिस पूरी तरह सक्षम है।
मुख्यमंत्री ने पुराने मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि पाटियाला में एक व्यक्ति ने कैप्टन अमरिंदर सिंह और भरतइंदर सिंह चहल का नाम लेकर आत्मदाह किया था, लेकिन उस मामले में कोई बड़ी जांच नहीं हुई। इसी तरह, एक अन्य मामले में अमित शाह का नाम सामने आया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने दोहराया कि गगनदीप रंधावा मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।






