टोहाना/फतेहाबाद, 22 मार्च 2026: हरियाणा के टोहाना में लगभग पांच साल पुराने एक चर्चित मामले में कल यानी सोमवार, 23 मार्च को सेशन कोर्ट में महत्वपूर्ण सुनवाई होनी है। कोर्ट ने शिकायतकर्ता विपिन द्वारा दायर याचिका पर संज्ञान लेते हुए मुख्य आरोपी संजय बंसल और मामले से जुड़े कुछ पुलिस अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने का कड़ा आदेश दिया है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला मूल रूप से 14 नवंबर 2021 को टोहाना सिटी पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था (FIR No. 559)। इसमें संजय बंसल और गगन भट्ट को आईपीसी की धारा 384, 34 और आईटी एक्ट की धारा 66E के तहत नामजद किया गया था। शिकायतकर्ता विपिन का आरोप है कि जांच के दौरान पुलिस ने मिलीभगत कर आरोपी गगन को बचाने की कोशिश की, जबकि दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था।
विपिन के अनुसार, आरोपी द्वारा बाद में सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक वीडियो भी प्रसारित किया गया था। इस संबंध में 19 जनवरी 2022 को फतेहाबाद के एसपी को शिकायत दी गई, जिसके बाद 31 मार्च 2022 को संजय के खिलाफ दूसरा मामला (FIR No. 138) दर्ज हुआ।
पुलिस पर झूठे दस्तावेज पेश करने का आरोप
शिकायतकर्ता विपिन ने अपनी याचिका में गंभीर आरोप लगाया है कि कुछ पुलिस अधिकारियों ने आरोपी का पक्ष लेने के लिए अदालत में झूठे दस्तावेज पेश किए। इसी याचिका पर सुनवाई करते हुए 6 मार्च 2026 को सेशन कोर्ट ने नोटिस जारी किया था। कोर्ट ने निर्देश दिया था कि सभी संबंधित पक्षों को सात दिनों के भीतर नोटिस भेजकर 23 मार्च को अदालत में हाजिर होने का निर्देश दिया जाए।
कल होने वाली इस सुनवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं, क्योंकि इसमें पुलिस अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। अदालत के आदेशानुसार अब संजय बंसल और संबंधित अधिकारियों का कल कोर्ट में पेश होना अनिवार्य है।