खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पंजाब सरकार प्रतिबद्ध – तरुणप्रीत सिंह सौंध
“खेडां वतन पंजाब दीयां” से युवाओं को मिल रहा नया मंच – सौंध
23 जिलों के 230 पहलवानों ने लिया हिस्सा
पटियाला, 21 मार्च 2026: पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों, श्रम, आतिथ्य और ग्रामीण विकास व पंचायत मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध ने आज पटियाला के गांव लंग में बने खेल स्टेडियम में आयोजित कुश्ती चैंपियनशिप में विशेष रूप से शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने बताया कि यह चैंपियनशिप जिला कुश्ती संस्था पटियाला, शहीद भगत सिंह स्पोर्ट्स क्लब गांव लंग और एनआरआई कमेटी के संयुक्त सहयोग से आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में पंजाब के 23 जिलों से करीब 230 पहलवानों ने भाग लिया।
अपने संबोधन में मंत्री सौंध ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि “खेडां वतन पंजाब दीयां” जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित किया जा रहा है और ब्लॉक स्तर से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक प्रतियोगिताएं करवाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा खिलाड़ियों को उनके पुरस्कार समय पर दिए जा रहे हैं और योग्य खिलाड़ियों को नौकरियां देकर उनका भविष्य सुरक्षित किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि युवाओं को नशों से दूर रखने के लिए खेल एक बड़ा माध्यम हैं और यह अभियान सरकार द्वारा प्रभावी ढंग से चलाया जा रहा है।
मंत्री सौंध ने गांव लंग के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि गांव में करोड़ों रुपये के विकास प्रोजेक्ट पूरे किए जा चुके हैं और ग्रामीणों की अन्य मांगों को भी जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा राज्य में करीब 3100 खेल मैदान बनाए जा रहे हैं, जो खेलों के प्रचार के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस मौके पर उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से पिछले चार वर्षों में इस स्टेडियम के विकास पर लगभग 8 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
मंत्री ने बताया कि चैंपियनशिप में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों का सीधा चयन नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप 2026 (छत्तीसगढ़) के लिए किया जाएगा। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन हरपाल सिंह विरक, जिला कुश्ती संस्था के अध्यक्ष रणधीर सिंह, जनरल सेक्रेटरी मोहिंदर सिंह, सुरेश राय, जय शंकर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।






