चंडीगढ़, 3 मार्च 2026: पंजाब के वित्त, आबकारी एवं कर मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी सरकार के नेतृत्व में राज्य राजस्व वृद्धि के मामले में देश के शीर्ष तीन राज्यों में उभरा है। पंजाब भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि बीते चार वर्षों में वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और संरचनात्मक सुधारों से राज्य की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
उन्होंने बताया कि राज्य का अपना कर राजस्व 2021-22 में 37,327 करोड़ रुपये (जीएसडीपी का 6.39%) से बढ़कर 2024-25 में 57,919 करोड़ रुपये (7.15%) हो गया है। आबकारी राजस्व में चार साल से कम समय में 86.77% वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि जीएसटी संग्रह जनवरी 2026 तक 83,739 करोड़ रुपये पहुंच गया है। स्टांप ड्यूटी से आय भी बढ़कर 19,515 करोड़ रुपये हो गई है।
चीमा ने कहा कि पूंजीगत व्यय में भी ऐतिहासिक बढ़ोतरी हुई है और मौजूदा सरकार 31,630 करोड़ रुपये खर्च करने जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार को विरासत में लगभग 3 लाख करोड़ रुपये का कर्ज मिला, फिर भी कर्ज-जीएसडीपी अनुपात 48.25% से घटाकर 44.47% किया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र से मिलने वाली राजस्व घाटा अनुदान और जीएसटी मुआवजे में 62% की कमी के बावजूद राज्य ने वित्तीय सुधार हासिल किए हैं। डिजिटल पारदर्शिता के लिए ‘पेंशन सेवा पोर्टल’ और ‘ई-डिपॉजिट मैनेजमेंट सिस्टम’ जैसी पहलें शुरू की गई हैं।






