होबार्ट, 01 मार्च 2026: ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को तीन मैचों की वनडे सीरीज़ में 3-0 से हार का सामना करना पड़ा। सीरीज़ के आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की कप्तान एलिसा हीली ने अपने करियर के अंतिम वनडे मैच में शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 98 गेंदों में 158 रन बनाए, जिसकी बदौलत ऑस्ट्रेलिया की टीम 409 रन के विशाल स्कोर तक पहुंच गई।
जवाब में भारतीय टीम 45.1 ओवर में सिर्फ 224 रन ही बना सकी और मुकाबला 185 रन से हार गई। हीली अपने अंतिम वनडे मैच में शतक लगाने वाली दुनिया की सिर्फ दूसरी महिला क्रिकेटर बन गई हैं। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका की जोहमारी लोटेगबरग ने साल 2007 में नीदरलैंड्स के खिलाफ अपने आखिरी वनडे में शतक जड़ा था।
हीली ने अपनी विस्फोटक पारी के दौरान 27 चौके और 2 छक्के लगाए। मुकाबला होबार्ट के बेलेराइव ओवल में खेला गया, जहां भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया। हीली के अंतिम वनडे को खास बनाने के लिए भारतीय खिलाड़ियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही और दूसरे ओवर में स्मृति मंधाना को निकोल कॅरी ने आउट कर दिया। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स ने 29 गेंदों पर 42 रन बनाते हुए पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही।
20 ओवर के अंदर भारत ने चार अहम विकेट खो दिए। इसके बाद अलाना किंग ने ऋचा घोष और काशवी गौतम को आउट कर मैच पूरी तरह ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में कर दिया। किंग ने 33 रन देकर 4 विकेट झटके। अंत में दीप्ति शर्मा और स्नेह राणा ने 63 रन की साझेदारी कर स्कोर 200 के पार पहुंचाया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं।
इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने वनडे सीरीज़ 3-0 से अपने नाम कर ली।






