राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर हेल्प डेस्क स्थापित
फ़तेहाबाद, 21 फरवरी 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण पंचकूला के सदस्य सचिव से प्राप्त दिशा निर्देशों की अनुपालना में और जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में आगामी 14 मार्च, 2026 को फतेहाबाद रतिया और टोहाना के न्यायिक परिसरों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक सोमवार और वीरवार को स्पेशल प्री लोक अदालत भी आयोजित की जा रही है।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी गायत्री ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल संचालन और आमजन की सुविधा के लिए जिला न्यायालय परिसर फतेहाबाद में हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। इस डेस्क पर पक्षकारों को उनके मामलों संबंधित न्यायालय और निशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी जा रही है। पैरा लीगल वॉलिंटियर्स लोगों को अदालत की प्रक्रिया, उसके लाभ और सामाजिक मुद्दों जैसे बाल विवाह, नशा मुक्ति, दहेज प्रथा उन्मूलन, दिव्यांग जनों के अधिकार और साइबर अपराध संबंधित जानकारी प्रदान कर रहे हैं। राष्ट्रीय विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 पर घर बैठे भी कानूनी सहायता प्राप्त की जा सकती है।






