पटियाला, 21 फरवरी 2026: पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत आज वार्ड नंबर 1 से तीर्थ यात्रियों के एक जत्थे को विधायक अजीतपाल सिंह कोहली द्वारा रवाना किया गया। इस मौके पर क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और यात्रियों को फूलों की मालाएं पहनाकर तथा शुभकामनाएं देकर विदा किया गया।
यह जत्था पवित्र नगरी अमृतसर स्थित श्री दरबार साहिब और प्रसिद्ध दुर्गियाना मंदिर में माथा टेकने के लिए रवाना हुआ है।
इस अवसर पर विधायक अजीतपाल सिंह कोहली ने कहा कि यह योजना मुख्यमंत्री भगवंत मान
की सोच का परिणाम है, जिसका उद्देश्य आम लोगों को धार्मिक स्थलों के दर्शन की सुविधा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों से किए गए हर वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस योजना के माध्यम से हजारों लोग लाभान्वित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए आवागमन, आवास तथा भोजन आदि की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि वे बिना किसी चिंता के धार्मिक यात्रा कर सकें। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राओं से समाज में आपसी भाईचारे और एकता की भावना मजबूत होती है।
क्षेत्र के निवासियों ने पंजाब सरकार तथा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह योजना धार्मिक आस्था से जुड़े लोगों के लिए एक बड़ी सौगात है। इस मौके पर वार्ड नंबर 1 से एमसी सोनिया दास के अलावा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।






