Sunday, June 7, 2026
HomeHaryanaटोहाना की वर्षों पुरानी मांग पूरी, नए बस अड्डे से बस सेवा...

टोहाना की वर्षों पुरानी मांग पूरी, नए बस अड्डे से बस सेवा प्रारंभ, सांसद सुभाष बराला ने दिखाई हरी झंडी

टोहाना, 18 फरवरी, 2026 (संजीव शर्मा): टोहाना क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए शहर के नए बस स्टैंड से बुधवार को बसों का औपचारिक संचालन शुरू कर दिया गया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने नए बस स्टैंड परिसर में बस को हरी झंडी दिखाकर परिवहन सेवाओं का शुभारंभ किया और इसे क्षेत्र की जनता को समर्पित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि टोहाना के लिए यह एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। नए बस स्टैंड के शुरू होने से यात्रियों को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि यह बस स्टैंड आमजन की आवश्यकताओं और अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है, ताकि यात्रियों को एक ही परिसर में सभी आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने बताया कि नए बस स्टैंड में यात्रियों के लिए विश्राम गृह, स्वच्छ शौचालय, पेयजल व्यवस्था, बैठने की समुचित सुविधा तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। साथ ही परिवहन विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और बसों का संचालन समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि यह बस स्टैंड केवल एक भवन नहीं, बल्कि टोहाना के विकास और आधुनिक शहरी ढांचे की दिशा में एक मजबूत कदम है।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि पुराने बस स्टैंड का स्थान भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में होने के कारण यात्रियों, दुकानदारों और आम नागरिकों को लगातार यातायात जाम और असुविधा का सामना करना पड़ता था। अब नए बस स्टैंड के शुरू होने से शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। हिसार रोड पर स्थित होने के कारण आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा और आवागमन अधिक सुगम होगा। उन्होंने जानकारी दी कि शहर के नागरिकों की सुविधा के लिए बस स्टैंड से लोकल बस सेवा भी प्रारंभ की जाएगी, जिससे शहर के भीतर आवागमन और अधिक सरल एवं सुचारु हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के टोहाना दौरे के दौरान क्षेत्र के विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा हुई थी। उसी दौरान नए बस स्टैंड की आवश्यकता पर सहमति बनी थी। बाद में बाईपास की घोषणा के चलते स्थान निर्धारण में समय लगा, किंतु स्थान तय होने के पश्चात निर्माण कार्य को गति देकर अब इसे पूर्ण कर जनता को समर्पित कर दिया गया है।
कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद ने बस परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति संवेदनशील रहना भी हमारी जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके।
सांसद सुभाष बराला ने कहा कि टोहाना में जल्द ही नए बाईपास का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार के संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। साथ ही क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मेडिकल कॉलेज के निर्माण की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे, जिससे क्षेत्रवासियों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर एसडीएम आकाश शर्मा, डीएसपी उमेद सिंह, जीएम महेंद्र सिंह, टीएम सुरेंद्र सिंह, रमन मड़िया, नरेंद्र गर्ग, दलजीत नैन, जयदीप बराला, दीपक बंसल, जगमेल कटारिया, ललित मोहन, जिले सिंह बराला, एपीओ सुमित जांगड़ा, सुरेश दहिया, डीआई महेंद्र कुमार, गणेश सैनी, कुलदीप, गुरमीत डांगरा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments