आदमपुर हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री का स्वागत
आदमपुर (जालंधर) : संत रविदास जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदमपुर हवाई अड्डे पर पहुंचने पर भाजपा पंजाब के प्रदेश सचिव एवं अमलोह हलका प्रभारी इंजीनियर कंवरवीर सिंह टोहड़ा द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच पंजाब की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, सामाजिक समरसता और विकास से जुड़े मुद्दों पर संक्षिप्त लेकिन सार्थक बातचीत हुई।
सूत्रों के अनुसार, चर्चा के दौरान संत रविदास जी के समानता, सद्भावना और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को सशक्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। साथ ही पंजाब में विकास परियोजनाओं, कृषि, उद्योग और युवाओं के रोजगार से संबंधित मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इंजीनियर कंवरवीर सिंह टोहड़ा ने कहा कि संत रविदास जयंती समाज को एकजुट करने और सेवा-भावना को आगे बढ़ाने का संदेश देती है, जिसे नीतियों और कार्यक्रमों के माध्यम से मजबूत किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री ने भी पंजाब की भूमिका और जनता की आकांक्षाओं को महत्व देने की बात दोहराई।






