इस्लामाबाद, 25 जनवरी 2026: 7 फरवरी से शुरू होने जा रहे टी-20 विश्व कप 2026 से बांग्लादेश क्रिकेट टीम बाहर हो गई है। उसकी जगह अब स्कॉटलैंड की टीम इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी। इस फैसले से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) खासा नाराज नजर आ रहा है। इसी के चलते PCB ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) को टी-20 विश्व कप 2026 से नाम वापस लेने की चेतावनी दे दी है।
अगर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ऐसा कदम उठाता है, तो इसका असर पाकिस्तान क्रिकेट के लिए बेहद घातक हो सकता है। ICC पाकिस्तान पर कई कड़ी पाबंदियां लगा सकती है, जिससे देश की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट लगभग खत्म हो सकती है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यदि पाकिस्तान टी-20 विश्व कप 2026 से हटता है, तो ICC उस पर तीन बड़ी पाबंदियां लगा सकती है। इसके तहत पाकिस्तान को किसी भी अंतरराष्ट्रीय टीम के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलने की अनुमति नहीं मिलेगी और वह अंतरराष्ट्रीय मैचों से पूरी तरह वंचित हो सकता है। इसके अलावा ICC इवेंट्स के साथ-साथ एशिया कप से भी पाकिस्तान को बाहर किया जा सकता है।
इतना ही नहीं, पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में भी किसी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी को खेलने की इजाजत नहीं दी जाएगी। विदेशी खिलाड़ियों को PSL में खेलने के लिए NOC नहीं मिलेगा। ऐसे हालात में पाकिस्तान सिर्फ घरेलू क्रिकेट तक ही सीमित रह जाएगा, वह भी आर्थिक संकट के चलते बंद होने की कगार पर पहुंच सकता है।
बांग्लादेश के टी-20 विश्व कप 2026 से बाहर होने के बाद PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान सरकार यह फैसला करती है कि टीम को विश्व कप नहीं खेलना है, तो ऐसे में ICC 22वीं टीम को टूर्नामेंट में शामिल कर सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतिम फैसला पाकिस्तान सरकार को ही करना है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के विदेश दौरे से वापस लौटने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि पाकिस्तान टीम टी-20 विश्व कप 2026 में खेलेगी या नहीं। ICC के सख्त रुख के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अपने बयान से पीछे हटता है या नहीं। फिलहाल पूरी दुनिया की नजरें इसी फैसले पर टिकी हुई हैं।






