अमृतसर, 14 जनवरी 2026: पंजाब की अदालतों के बाद अब एक बार फिर कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिलने से हड़कंप मच गया है। अमृतसर और मोगा के स्कूलों को ईमेल के जरिए बम धमकी दी गई, जिसके बाद स्कूल प्रशासन और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया।
जानकारी के अनुसार, अमृतसर के मेहरबानपुरा गांव स्थित एक सरकारी स्कूल की आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरा संदेश भेजा गया, जिसमें स्कूल को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई। इसके साथ ही स्कूल में राष्ट्रगान गाने पर रोक लगाने की मांग भी की गई थी। वहीं मोगा में कोटईसे खां स्थित डीएन मॉडल स्कूल और कैम्ब्रिज स्कूल को सुबह 8:36 बजे धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ।
धमकी मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सुरक्षा कारणों से दोनों स्कूलों को खाली करवा लिया। मौके पर बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया और स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली जा रही है।
अचानक आई धमकी के बाद अभिभावकों को तुरंत सूचना दी गई और सभी बच्चों को सुरक्षित उनके घर भेज दिया गया। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और धमकी भेजने वालों की तलाश जारी है।
प्रशासन ने अभिभावकों से शांति बनाए रखने और सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एहतियात के तौर पर जिले भर के स्कूलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और निगरानी लगातार जारी है।






