Saturday, June 6, 2026
HomeNational1 फरवरी को पेश हो सकता है केंद्रीय बजट

1 फरवरी को पेश हो सकता है केंद्रीय बजट

28 जनवरी से शुरू होने की संभावना बजट सत्र की

नई दिल्ली, 8 जनवरी 2026 :  केंद्र सरकार 1 फरवरी 2026 को आम बजट पेश कर सकती है। संसद के आगामी बजट सत्र की तारीखों को लेकर संसदीय कार्यों की कैबिनेट समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें बजट सत्र की शुरुआत और बजट पेश करने की तिथियों पर चर्चा हुई।

सूत्रों के अनुसार, राजनीतिक मामलों पर कैबिनेट समिति ने संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू करने और 1 फरवरी को केंद्रीय बजट पेश करने का प्रस्ताव रखा है। हालांकि, इन तारीखों पर अंतिम फैसला अभी लिया जाना बाकी है और जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा होने की संभावना है।

परंपरागत रूप से बजट सत्र दो हिस्सों में आयोजित किया जाता है। पहले और दूसरे चरण के बीच अवकाश रखा जाता है, ताकि संसदीय स्थायी समितियां विभिन्न मंत्रालयों की अनुदान मांगों की समीक्षा कर सकें। सूत्रों ने बताया कि बैठक में बजट सत्र की शुरुआत के लिए 28 जनवरी और 31 जनवरी—इन दो संभावित तिथियों पर विचार किया गया है, जिनमें से किसी एक पर जल्द अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

आम तौर पर संसद का बजट सत्र जनवरी के अंतिम सप्ताह में शुरू होता है। माना जा रहा है कि 29 जनवरी को आर्थिक सर्वेक्षण सदन में पेश किया जाएगा, जिसके बाद अगले चरण में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण केंद्रीय बजट प्रस्तुत करेंगी।

गौरतलब है कि पिछले कई वर्षों से केंद्रीय बजट 1 फरवरी को ही पेश किया जा रहा है। इस वर्ष 1 फरवरी रविवार के दिन पड़ रही है, इसके बावजूद संभावना जताई जा रही है कि वित्तीय प्रक्रियाओं में निरंतरता बनाए रखने के लिए सरकार बजट की तारीख में कोई बदलाव नहीं करेगी। भारत में लंबे समय तक केंद्रीय बजट 28 फरवरी को पेश किया जाता रहा, लेकिन वर्ष 2017 में मोदी सरकार ने इस परंपरा को बदलते हुए बजट पेश करने की तारीख 1 फरवरी कर दी थी।

यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी 2026 को लगातार नौवीं बार केंद्रीय बजट पेश करेंगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments