हर परिवार को मिलेगा 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज – मेयर
पटियाला, 8 जनवरी, 2026 : पंजाब सरकार द्वारा राज्य के लोगों को नए साल का बड़ा तोहफा देते हुए मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना की शुरुआत की जा रही है। यह जानकारी मेयर कुंदन गोगिया ने पटियाला में आयोजित एक विशेष बैठक के दौरान दी।
इस अवसर पर मेयर कुंदन गोगिया ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा जनहित को सर्वोपरि रखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने बताया कि पहले इस योजना के अंतर्गत 5 लाख रुपये तक का कवरेज था और यह कुछ विशेष वर्गों तक सीमित थी, लेकिन अब इसे दोगुना करके बिना किसी आय सीमा के सभी पंजाबवासियों के लिए लागू कर दिया गया है। सरकारी कर्मचारी, पेंशनर और आम नागरिक सभी इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।
गौरतलब है कि पटियाला जिले में इस योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रशासन और पार्टी संगठन द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रारंभिक चरण में पंजाब के 6600 अस्पतालों को इस योजना से जोड़ा जा रहा है, ताकि मरीजों को नजदीकी अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा मिल सके।
इस अवसर पर बैठक में मेयर कुंदन गोगिया के अलावा जिला शहरी इंचार्ज एवं चेयरमैन तेजिंदर महिता, सचिव अमन डाबी, सेक्रेटरी राजिंदर मोहन, पटियाला शहरी के ब्लॉक प्रधान अमन बांसल, अमन जोली, कृष्ण कुमार, जगतार सिंह जग्गी, अशोक बांसल, सनी डाबी, विजय कनोहिया, सुशील मिड्डा, हल्का यूथ कोऑर्डिनेटर हरमन संधू, ब्लॉक यूथ कोऑर्डिनेटर रणजीत सिंह, हरमीत सिंह, इकबाल सिंह, सरजीवन सिंह, सिमरन प्रीत, अमृतपाल सिंह, प्रीत कमल सिंह और गुरशरण सिंह उपस्थित रहे।
फोटो: बैठक के दौरान मेयर कुंदन गोगिया एवं अन्य।






