फिरोजपुर, 8 जनवरी 2026 : पंजाब के फिरोजपुर और मोगा जिलों में उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस धमकी के बाद दोनों स्थानों पर दहशत का माहौल बन गया है और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह धमकी जिला एवं सत्र न्यायाधीश की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर प्राप्त हुई है। धमकी भरा मेल मिलते ही एहतियातन कोर्ट परिसर को तुरंत खाली कराया जा रहा है। वकीलों, कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
हालांकि, यह ई-मेल कहां से भेजी गई और इसके पीछे किसका हाथ है, इस बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर मौजूद हैं और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है। बम निरोधक दस्ते द्वारा भी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी अमृतसर, जालंधर और पटियाला के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं, जिसके चलते राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।






