बरेटा, 8 जनवरी 2026 : मानसा जिले के बरेटा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। बरेटा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बरेटा के नजदीक गांव बख्शीवाला में एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन, बोलेरो और बुलेट मोटरसाइकिल के बीच हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवा चचेरे भाइयों समेत तीन लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान गांव बख्शीवाला निवासी बूट सिंह और जगतार सिंह के रूप में हुई है, जो आपस में चचेरे भाई थे।
बताया जा रहा है कि बूट सिंह और जगतार सिंह अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव की ओर आ रहे थे। इसी दौरान बुढलाडा की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
इस हादसे की चपेट में एक राहगीर साइकिल सवार भी आ गया। मृतक की पहचान गुरमुख सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से टोहाना (हरियाणा) का रहने वाला था और वर्तमान में गांव काहनगढ़ में रह रहा था। पिकअप वाहन की सीधी टक्कर लगने से गुरमुख सिंह ने भी घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बरेटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






