Saturday, June 6, 2026
HomeHaryanaहरियाणा के नए डीजीपी अजय सिंघल ने संभाला कार्यभार, गैंगस्टरों को दी...

हरियाणा के नए डीजीपी अजय सिंघल ने संभाला कार्यभार, गैंगस्टरों को दी कड़ी चेतावनी

पंचकूला, 1 जनवरी 2026 : हरियाणा के नवनियुक्त पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजय सिंघल ने गुरुवार को पंचकूला स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। इस अवसर पर पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया, जबकि जवानों ने उन्हें सलामी दी।

कार्यभार संभालने के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीजीपी अजय सिंघल ने गैंगस्टरों और रंगदारी मांगने वालों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि रंगदारी मांगने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में कुछ भी प्रावधान हो, लेकिन उनकी नजर में ऐसे लोग आतंकवादी हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो भी किसी को धमकाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा और रंगदारी से जुड़ी किसी भी कॉल को हल्के में नहीं लिया जाएगा।

डीजीपी ने विपक्ष द्वारा राज्य की कानून-व्यवस्था पर उठाए जा रहे सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाना विपक्ष की मजबूरी हो सकती है, लेकिन हरियाणा में हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और पुलिस को सरकार का पूरा समर्थन प्राप्त है।

इस दौरान अजय सिंघल ने पुलिस कर्मियों के कल्याण पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा के साथ-साथ पुलिस वेलफेयर भी उनकी प्राथमिकता रहेगी। एक उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए पांच लाख रुपये में बैंक्वेट हॉल बुक कराया था, लेकिन हर पुलिस कर्मचारी इतनी बड़ी रकम वहन नहीं कर सकता। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य की हर पुलिस लाइन में बैंक्वेट हॉल बनाए जाएंगे, ताकि पुलिस कर्मियों को सुविधा मिल सके।

गौरतलब है कि अजय सिंघल को 31 दिसंबर 2025 को नए साल की पूर्व संध्या पर हरियाणा का डीजीपी नियुक्त किया गया था। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की पैनल समिति ने डीजीपी पद के लिए तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नामों को अंतिम रूप दिया था, जिनमें से 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय सिंघल के नाम पर मुहर लगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments