कांग्रेस विधायक सुखपाल खैहरा बाहर
चंडीगढ़, 30 दिसंबर 2025: केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा एक्ट में किए गए बदलावों के विरोध को लेकर पंजाब विधानसभा में उस समय माहौल गरमा गया, जब मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सदन में बोलना शुरू किया। उनके भाषण के दौरान कांग्रेस विधायक सुखपाल खैहरा ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसके बाद अन्य कांग्रेसी विधायक भी नारेबाजी में शामिल हो गए।
हंगामा बढ़ने पर स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के निर्देश पर सुखपाल खैहरा को सदन से बाहर कर दिया गया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि कांग्रेस उन्हें सदन में बोलने का मौका नहीं दे रही, इसी कारण वे गुस्सा निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि मनरेगा जैसे गंभीर मुद्दे पर बहस हो रही है और ऐसे में व्यवधान डालने वालों को बाहर किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस से सवाल किया कि वह मनरेगा एक्ट के समर्थन में है या विरोध में। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जानबूझकर बहस से बच रही है और सदन की गरिमा को ठेस पहुंचा रही है। मान ने यह भी कहा कि कांग्रेस का रवैया देखकर लगता है कि अगली बार उनकी विधायकों की संख्या और कम होगी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कांग्रेस पर भाजपा से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर कांग्रेस लंबे सत्र की मांग करती है, वहीं दूसरी ओर चार घंटे के सत्र में भी बैठने को तैयार नहीं होती।






