राष्ट्रीय राजमार्ग पर 5 वाहन आपस में टकराए
करनाल (हरियाणा), 28 दिसंबर 2025: हरियाणा के करनाल में राष्ट्रीय राजमार्ग पर घने कोहरे के चलते एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। कम दृश्यता के कारण अचानक ब्रेक लगने से पांच वाहन आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में चार वोल्वो बसें और एक स्कॉर्पियो कार शामिल थीं।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रिपोर्टों के अनुसार, एक बस राष्ट्रीय राजमार्ग पर आगे चल रही थी, जिसके पीछे चार वोल्वो बसें और अन्य वाहन आ रहे थे। इसी दौरान सामने चल रहे एक वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दी। घने कोहरे के कारण पीछे से आ रही बसें समय पर रुक नहीं सकीं और एक-दूसरे से टकरा गईं। इस चेन टक्कर में एक स्कॉर्पियो कार भी चपेट में आ गई।
यात्रियों ने बताया कि कोहरे की वजह से दृश्यता बेहद कम थी और अचानक ब्रेक लगने से यह हादसा हुआ। बाद में यात्रियों को दूसरी बसों में स्थानांतरित करने की व्यवस्था की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया और वाहन चालकों से कोहरे के दौरान सावधानी बरतने की अपील की।






