भीड़ के हमले में 20 से अधिक छात्र घायल
ढाका/फरीदपुर 27 दिसंबर 2025: बांग्लादेश के फरीदपुर में प्रसिद्ध रॉक गायक जेम्स का प्रस्तावित संगीत कार्यक्रम उस समय रद्द कर दिया गया, जब कार्यक्रम स्थल पर एक भीड़ ने हमला कर दिया। इस घटना में कम से कम 20 छात्र घायल हो गए हैं। हालात बिगड़ने के बाद जिला प्रशासन के निर्देश पर आयोजकों ने कॉन्सर्ट रद्द करने का फैसला लिया।
यह संगीत कार्यक्रम फरीदपुर जिला स्कूल के 185वें स्थापना दिवस समारोह के समापन अवसर पर आयोजित किया जाना था। देर रात स्कूल परिसर में बने अस्थायी मंच पर कार्यक्रम शुरू होने से ठीक पहले बाहरी लोगों के एक समूह ने जबरन अंदर घुसने की कोशिश की। रोकने पर उपद्रवियों ने ईंट-पत्थर फेंके और मंच पर कब्जा करने का प्रयास किया।
आयोजकों के अनुसार, पथराव के दौरान कई छात्र घायल हो गए। हालांकि, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अज़मीर हुसैन ने कहा कि घायलों की सटीक संख्या की अभी पुष्टि की जा रही है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया।
उल्लेखनीय है कि जेम्स, जिनका पूरा नाम फारूक महफूज़ अनम जेम्स है, बांग्लादेश के मशहूर रॉक बैंड ‘नगर बाउल’ के प्रमुख गायक हैं और उन्होंने कई हिंदी फिल्मों में भी हिट गाने गाए हैं। हाल के दिनों में बांग्लादेश में सांस्कृतिक संस्थानों और कार्यक्रमों पर हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे कलाकारों और आयोजकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।






