सिर्फ झांकी दर्शन की अनुमति
वाराणसी 27 दिसंबर 2025: साल के अंतिम दिनों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और शीतकालीन छुट्टियों के मौसम को देखते हुए वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विशेष दर्शन और किसी भी प्रकार के प्रोटोकॉल पर फिलहाल रोक लगा दी है।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने बताया कि 24 दिसंबर से लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अवधि के दौरान किसी भी तरह के विशेष इंतजाम, प्रोटोकॉल या विशेष अनुरोध स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
मंदिर प्रशासन के अनुसार श्रद्धालुओं को फिलहाल केवल झांकी दर्शन ही कराए जा रहे हैं। दर्शन पर यह अस्थायी पाबंदी 3 जनवरी तक लागू रहेगी। इसके बाद स्थिति की समीक्षा कर आगे का फैसला लिया जाएगा। ट्रस्ट ने स्पष्ट किया कि यह कदम श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के विशेष दर्शन या विशेष अधिकार की मांग न करें और सामान्य दर्शन व्यवस्था में सहयोग करें। ट्रस्ट ने यह भी कहा कि मंदिर में दर्शन आस्था का विषय है, न कि सुविधा या विशेषाधिकार का।
मंदिर ट्रस्ट ने बताया कि 3 जनवरी को हालात की दोबारा समीक्षा की जाएगी। यदि उस समय भीड़ में कमी आती है, तो परिस्थितियों के अनुसार आगे आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। तब तक विशेष दर्शन व्यवस्था बंद ही रहेगी।






