पटियाला, 25 दिसंबर 2025: पटियाला में बीती देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सरकारी डेंटल कॉलेज में पढ़ने वाली एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि उसकी दो सहेलियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार एसयूवी थार ने स्कूटी को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।
मृतका की पहचान 26 वर्षीय मीनाक्षी के रूप में हुई है, जो सरकारी डेंटल कॉलेज में एमडीएस अंतिम वर्ष की छात्रा थी और मूल रूप से पातड़ां की रहने वाली थी। पुलिस के अनुसार यह हादसा रात करीब 12.30 बजे हुआ। मीनाक्षी अपनी दो सहेलियों के साथ एक्टिवा पर सवार होकर ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित अपने पीजी की ओर लौट रही थी। तीनों ने देर शाम अपनी प्रैक्टिकल परीक्षा दी थी।
इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार एसयूवी थार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़ीं। मीनाक्षी के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसकी दोनों सहेलियों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सिविल लाइंस थाने के एसएचओ अमनदीप सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल वाहन महिंद्रा थार होने का संदेह है। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी चालक की पहचान जल्द कर ली जाएगी।
इस घटना के बाद कॉलेज और स्थानीय लोगों में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।






