मानसा, 27 जनवरी 2026: पटियाला हाईवे रोड पर गांव कोटड़ा के नजदीक दो स्विफ्ट कारों की आमने-सामने टक्कर में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही थाना सदर मानसा की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शवों को सिविल अस्पताल मानसा भेजा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरियाणा के रतिया निवासी उपकार सिंह (67) अपनी पत्नी शिविंदर कौर (62) के साथ स्विफ्ट कार में सफर कर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक अन्य स्विफ्ट कार से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में उपकार सिंह और उनकी पत्नी शिविंदर कौर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी कार में सवार मल्कापुर ख्याला निवासी बलकार सिंह उर्फ बॉबी (23) ने भी घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। कार में मौजूद अमनदीप सिंह (23) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सिविल अस्पताल मानसा में प्राथमिक उपचार के बाद बठिंडा के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया है।
थाना सदर मानसा की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।






