नई दिल्ली, 27 जनवरी 2026: ऑस्ट्रेलिया के महान क्रिकेटर सर डोनाल्ड (डॉन) ब्रैडमैन की ऐतिहासिक ‘बैगी ग्रीन’ कैप की नीलामी की गई है। गोल्ड कोस्ट में हुई इस नीलामी में एक अज्ञात खरीदार ने यह कैप 4,60,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (लगभग 2.92 करोड़ रुपये) में खरीदी। यह वही कैप है, जिसे ब्रैडमैन ने 1947-48 में स्वतंत्र भारत के खिलाफ पहली टेस्ट सीरीज़ के दौरान पहना था।
ब्रैडमैन ने अपनी आखिरी घरेलू टेस्ट सीरीज़ (1947-48) के बाद यह कैप भारतीय ओपनिंग गेंदबाज़ श्रीरंगा सोहणी (एस.डब्ल्यू. सोहणी) को उपहार में दी थी। सोहणी परिवार ने इसे करीब 75 वर्षों तक सुरक्षित रखा और कभी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित नहीं किया।
लॉयड्स नीलामी के सीओओ ली हेम्स ने इस कैप को “क्रिकेट जगत की सबसे कीमती धरोहर” बताया। उन्होंने कहा कि यह कैप तीन पीढ़ियों तक बंद रखी गई थी और परिवार का नियम था कि जब कोई सदस्य 16 वर्ष का होता, तो उसे केवल पांच मिनट के लिए ही कैप देखने की अनुमति मिलती थी।
गौरतलब है कि भारतीय क्रिकेटर श्रीरंगा सोहणी ने 1947-48 सीरीज़ में केवल पहला टेस्ट मैच खेला था। भले ही वह विकेट नहीं ले सके, लेकिन उसी मैच में उन्होंने पहली गेंद फेंकी थी, जो स्वतंत्र भारत के क्रिकेट इतिहास की पहली गेंद मानी जाती है। इसी यादगार मौके के बाद ब्रैडमैन ने सोहणी को अपनी यह ऐतिहासिक कैप भेंट की थी।






