दोराहा, 25 जनवरी 2026: अमृतपाल की पार्टी के वरिष्ठ नेता जसवंत सिंह चीमा पर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। यह वारदात खन्ना के दोराहा क्षेत्र में हुई, जहां बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी कार पर गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि इस हमले में जसवंत सिंह चीमा बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, जसवंत सिंह चीमा अपनी इनोवा कार में लुधियाना से दोराहा लौट रहे थे। जब वे दोराहा के गुरथली पुल के पास पहुंचे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी कार को रोकने की कोशिश की। अंधेरा होने के कारण चीमा को उन पर शक हुआ और उन्होंने गाड़ी नहीं रोकी, बल्कि आगे बढ़ते रहे।
इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार पर फायरिंग कर दी। गोलियां इनोवा कार की खिड़की पर जा लगीं। सौभाग्य से कोई भी गोली जसवंत सिंह चीमा को नहीं लगी और वे सुरक्षित बच निकलने में कामयाब रहे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।






