चंडीगढ़/हरियाणा 18 जनवरी 2026: पूरे हरियाणा में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। सुबह के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता लगभग 40 मीटर तक सिमट गई, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ और कई ट्रेनें व बसें अपने गंतव्य पर देरी से पहुंचीं। कमजोर पश्चिमी प्रणाली के कारण बादल छाए हुए हैं, हालांकि आने वाले दिनों में हवा की दिशा बदलने से बादलों में कमी आने की संभावना है।
हिसार जिले में सर्द हवाओं की तीव्रता में कुछ कमी दर्ज की गई है। यहां अधिकतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री कम है। वहीं नारनौल में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
ठंड को देखते हुए सरकार ने स्कूलों की छुट्टियां दो दिन बढ़ाई थीं, लेकिन अब सोमवार से सभी सरकारी और निजी स्कूल दोबारा खुलेंगे।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार 19 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे 19 और 20 जनवरी को तेज हवाओं के साथ कई जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसी को देखते हुए आज हरियाणा में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 22 जनवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।






