रंगला पंजाब के सपने को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे: डॉ. बलबीर सिंह
पटियाला, 12 जनवरी, 2026: पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने पटियाला में पटियाला ग्रामीण हलके के निवासियों और निर्वाचित प्रतिनिधियों के परिवारों के साथ मिलकर लोहड़ी का पावन पर्व बड़े उत्साह और खुशी के साथ मनाया तथा खुशियां साझा कीं। उन्होंने परमात्मा से अरदास की कि लोहड़ी का यह पवित्र त्योहार सभी के जीवन में खुशहाली, तंदुरुस्ती, स्वास्थ्य और तरक्की लेकर आए।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के “रंगला पंजाब” के सपने को साकार करने के लिए सरकार पूरी लगन और समर्पण के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जिला परिषद, ब्लॉक समिति, काउंसलरों और मेयरों की बड़ी टीम के साथ मिलकर हलके के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तत्परता से कार्य किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने जोर देते हुए कहा कि महिलाओं और बच्चों का स्वास्थ्य सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि स्वच्छ पेयजल, सड़कें, स्ट्रीट लाइटें, तालाबों की सफाई, स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार और रोजगार के अवसर बढ़ाने जैसे जनहितैषी कार्य जमीनी स्तर पर किए जाएंगे।
इस अवसर पर डॉ. बलबीर सिंह ने लोगों से अपील की कि पतंगबाजी के दौरान चाइना डोर या किसी भी घातक सामग्री का उपयोग न करें, ताकि कीमती जानों की रक्षा हो सके।
लोहड़ी के इस कार्यक्रम के दौरान लोगों ने स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत किया और सरकार की नीतियों पर विश्वास जताया।
इस मौके पर जिला प्रधान, जिला परिषद सदस्य, ब्लॉक समिति सदस्य, सरपंच, पंच, पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा जिला इंचार्ज हरपाल सिंह विर्क, ऑफिस इंचार्ज जसबीर सिंह गांधी, सचिव जय शंकर के अलावा पार्टी के अन्य कार्यकर्ता साथी भी मौजूद थे।






