CCTV में कैद हुई वारदात
लुधियाना, 5 जनवरी 2026 : लुधियाना के संजय गांधी कॉलोनी इलाके में बीती देर रात उस समय दहशत फैल गई, जब नकाबपोश बदमाशों ने गली में खड़े एक वाहन को आग के हवाले कर दिया और कई अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। बदमाशों के हाथों में धारदार हथियार भी देखे गए।
जानकारी के अनुसार, शरारती तत्वों ने पहले एक जुगाड़ू रेहड़े पर पेट्रोल डाला और उसे आग लगा दी। इसके बाद उन्होंने पास खड़े वाहन पर भी पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी और फिर धारदार हथियारों से उस पर वार किए। आगजनी के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
कॉलोनी निवासी केसरी ने बताया कि बदमाशों ने देर रात उनके घर के गेट और गली में खड़े वाहन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जैसे ही उन्हें घटना की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत बाहर आकर बाल्टी से पानी डालकर आग पर काबू पाया। इसके बाद उन्होंने थाना डिवीजन नंबर 7 में शिकायत दर्ज करवाई।
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दो युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर गली में आते हैं, बोतल से तेल डालते हैं और वाहन को आग लगा देते हैं। इसके बाद वे गेट पर भी आग लगाते हैं और हथियारों से वाहन को नुकसान पहुंचाते हैं। पीड़ित केसरी ने यह भी आरोप लगाया कि बदमाशों ने मोहल्ले में खड़े कई अन्य वाहनों को भी क्षतिग्रस्त किया।
घटना के बाद इलाके के पार्षद चतरवीर सिंह अरोड़ा ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की ढीली कार्रवाई का ही नतीजा है कि असामाजिक तत्व बेखौफ होकर लोगों के घरों के बाहर खड़े वाहनों को आग के हवाले कर रहे हैं। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।






