गग्गर नदी पर नया पुल और जलधारा परियोजना शुरू
चंडीगढ़/पंचकुला, 30 दिसंबर 2025: पंचकुला मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (PMDA) शहरवासियों को नए साल पर तोहफा देने जा रही है। इसके तहत गग्गर नदी पर सेक्टर-3/21 रोड के पास नया पुल (लागत – ₹32.50 करोड़) और पंचकुला शहर से गुजरने वाली दो जलधारा परियोजनाओं (लागत – ₹95.42 करोड़) का शुभारंभ किया जाएगा।
गग्गर नदी पर नया पुल 333.90 मीटर लंबा और 14 मीटर चौड़ा होगा, जिसमें तीन लेन होंगी। वर्तमान दो-लेन पुल पर बढ़ते ट्रैफिक को संभालना मुश्किल हो रहा है, जिससे सेक्टर-23 से 28 तक के निवासी जाम की समस्या से जूझ रहे हैं। नया पुल बनने के बाद दोनों पुलों पर एक-तरफा यातायात चलाया जाएगा और जाम की समस्या स्थायी रूप से समाप्त हो जाएगी। निर्माण कार्य 24 महीनों में पूरा होगा।
दूसरी परियोजना में दोनों जलधाराओं की सौंदर्यीकरण और सुधार की योजना है। इसमें RCC रिटेनिंग वॉल, GI फेंसिंग, साइकिल व वॉकिंग ट्रैक, नए स्टील ब्रिज, स्ट्रीट लाइटिंग और हरित क्षेत्र का निर्माण शामिल है। नालों के किनारे कैफेटेरिया, बैडमिंटन कोर्ट, योग कोर्ट, वॉलीबॉल व बास्केटबॉल कोर्ट, स्केटिंग रिंक और बच्चों के खेल क्षेत्र भी विकसित किए जाएंगे। इस परियोजना का कार्य 18 महीनों में पूरा होगा।
PMDA का कहना है कि इन परियोजनाओं से पंचकुला शहरवासियों को बेहतर यातायात सुविधा, स्वच्छ वातावरण और मनोरंजन के लिए आधुनिक स्थान उपलब्ध होंगे।






