नालागढ़ 01 जनवरी 2026 : हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ में नए साल के पहले दिन एक जोरदार धमाका होने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह धमाका पुलिस स्टेशन के पास एक गली में हुआ, जिसकी आवाज 400–500 मीटर दूर तक सुनी गई। धमाके के कारण आसपास की इमारतों और आर्मी अस्पताल के शीशे टूट गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके को पूरी तरह सील कर दिया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) बद्दी विनोद धीमान अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, जबकि शिमला से फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमाका किस कारण हुआ।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह तड़के हुए इस धमाके से लोग दहशत में आ गए। चाय की दुकानों पर बैठे लोग डर के मारे इधर-उधर भागने लगे और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद एक प्रवासी मजदूर ने बताया कि वह पास ही बैठा था, तभी अचानक तेज धमाके से पूरा इलाका हिल गया। एक अन्य मजदूर ने कहा कि उसे कुछ दिखाई नहीं दिया, लेकिन इमारतों के बड़े-बड़े शीशे टूट गए।
नालागढ़ पुलिस स्टेशन की टीम ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी और जांच शुरू कर दी है। पुलिस हर पहलू से मामले की छानबीन कर रही है। हालांकि, अब तक पुलिस प्रशासन या एसपी की ओर से घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।






