नशा मामलों में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई
बठिंडा 28 दिसंबर 2025 : बठिंडा ज़िले के थाना संगत के एसएचओ दलजीत सिंह को नशा तस्करी से जुड़े मामलों में लापरवाही और कमजोर कार्यप्रणाली के आरोपों के चलते निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई हाल ही में एनडीपीएस एक्ट के तहत हुई एक रिकवरी के मामले को आधार बनाकर की गई है।
एसएसपी बठिंडा अमनीत कोंडल ने डीएसपी बठिंडा देहाती की रिपोर्ट के आधार पर एसएचओ दलजीत सिंह को निलंबित करने के आदेश जारी किए। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि उन्होंने अपने थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ अपेक्षित सख्ती नहीं बरती और प्रभावी कार्रवाई करने में असफल रहे।
इस पूरे मामले में दलजीत सिंह के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। उनकी कथित लापरवाही और कर्तव्य में कोताही की जांच अब एसपी रैंक के अधिकारी द्वारा की जाएगी।
गौरतलब है कि थाना संगत पंजाब और हरियाणा की सीमा पर स्थित है। यह इलाका अक्सर हरियाणा और राजस्थान से पंजाब के बठिंडा ज़िले में प्रवेश करने वाले नशा तस्करों के लिए एक प्रमुख मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जाता रहा है। ऐसे में इस संवेदनशील क्षेत्र में नशा तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण न होना पुलिस प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय माना जा रहा है।
पुलिस विभाग ने साफ किया है कि नशे के खिलाफ अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






